हलद्वानी। भाखड़ा रेंज के वन दरोगा मोहन सिंह और मनोज कुमार मेलकानी को वन माफियाओं ने न सिर्फ वाहन से कुचलकर मारने का प्रयास किया और मारपीट की। इतना ही नही माफियाओं ने वन दारोगाओं से सरकारी बदंूक छीनकर तोड़ डाली। पुलिस ने माफियाओं के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया है। पुलिस इस मामले में छानबीन करने में जुट गयी है।
वन दरोगाओं ने मुखानी पुलिस को बताया कि रात को वह लामाचौड़ अनुभाग में मोटर साइकिल से गश्त पर निकले थे। वन निगम कटान प्लॉट लामाचौड़ 96 लॉट संख्या 27 पर पहुंचे तो दो मोटरसाइकिल पर सवार लोग और उनके पीछे ट्रैक्टर को जाते देखा। वन दरोगाओं ने उक्त लोगों का पीछा किया। रात होने की वजह से टॉर्च की रोशनी और आवाज लगाकर रुकने को कहा। लेकिन वो नहीं रुके। वन दरोगाओं ने ओवरटेक करने का प्रयास किया तो उन्हें ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की। इस दौरान दोनों मोटरसाइकिल सवार वन दरोगा जमीन पर गिर गए। उन्होंने उठकर दोबारा पीछा किया और लामाचौड़ प्रथम गेट पर ट्रैक्टर ट्राली को रोक लिया। तस्करी और शिकार के शक पर जब वन दरोगाओं ने ट्रैक्टर ट्रॉली पर चढ़ने का प्रयास किया तो आरोपी मारपीट करने लगे। वन दरोगाओं को जमीन पर गिरा कर बुरी तरह पीट डाला। दरोगा मोहन सिंह का मोबाइल और मनोज कुमार मेलकानी की मोटरसाइकिल तोड़ डाली। मोहन सिंह से सरकारी बंदूक छीन कर उसे भी तोड़ दी और 6 कारतूस लूट लिए। मारपीट और लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वन बैरियर पर लगी रस्सी काटकर ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ फरार हो गए। घटना में वन दरोगाओं को चोटें आई हैं। मुखानी थानाध्यक्ष विजय मेहता का कहना है कि तहरीर के आधार पर सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।
माफियाओं ने वन दरोगाओं पर किया जानलेवा हमला, बदंूूक तोड़ कारतूस लुटे, मामला दर्ज
