रुद्रप्रयाग। लगभग एक वर्ष से फरार चल रहे एक अभियुक्त को पुलिस ने उसके आवास पंजाब से गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद पुरसाड़ी जेल भेज दिया गया है।
पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल ने बताया कि बीते वर्ष नौ जून 2024 को सोनी पत्नी किशन, निवासी डोईवाला, देहरादून ने संबंधित थाना में एक तहरीर दी थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि वह 18 मई 2024 को अपने पति व बच्चों के साथ मयाली से घनसाली जा रहे थे। इसी दौरान एक इनोवा कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी थी, जिसमें उनके पति के पैर फ्रैक्चर हो गया था। महिला ने वाहन नंबर दर्ज कराया, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने वाहन नंबर के माध्यम से आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई गई। आरोपी 38 वर्षीय जसवीर सिंह बेटी पुत्र रघुवीर सिंह बेदी, निवासी मकान नंबर 127/15 गली दसांडा सिंह वाली, ग्राम पट्टी, थाना पट्टी, जिला तरन तारन, पंजाब का रहने वाला पाया गया। पुलिस ने उससे संपर्क का प्रयास किया, पर कोई सहयोग नहीं मिला। 26 नवंबर 2024 को आरोपी के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी किया गया और गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी पत्नी मधु के साथ मिलकर साक्ष्य मिटाने के लिए वाहन को कबाड़ी में बेच दिया था, जिससे वह पकड़ में नहीं आ सके। इसके बाद, इस वर्ष न्यायालय ने आरोपी को फरार घोषित कर दिया था। बीते 27 मार्च को आरोपी जसवीर सिंह बेटी को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार किया गया। सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में पुरसाड़ी जेल भेज दिया गया है।
फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने पंजाब से किया गिरफ्तार
