हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस और फायर सर्विस के बीच बेहतर तालमेल ने 26 जिंदगियों को बचा लिया। सूचना मिलते ही सभी एजेंसियों ने बिना समय गंवाए मोर्चा संभाला और साझा रणनीति के तहत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने बताया कि हादसे की सूचना उन्हें सुबह 5.12 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों और बचाव एजेंसियों को सक्रिय कर तत्काल समन्वय स्थापित किया गया। पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस और फायर सर्विस की टीमों को बिना देरी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचते ही सभी टीमों ने अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप मोर्चा संभाला और एक-दूसरे के साथ तालमेल बनाकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।सवा घंटे में घायलों और मृतकों को बाहर निकालने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। उन्होंने बताया कि वो सुबह करीब 7:30 बजे घटनास्थल पर पहुंचीं। उस समय तक अधिकांश शवों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से भेजा जा चुका था। अंतिम दो शवों को एंबुलेंस तक पहुंचाने की प्रक्रिया चल रही थी।

