जागरण टीम, चमोली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड के चमोली में 7 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा निर्मित 35 बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया। यहीं से वर्चुल माध्यम से बीआरओ द्वारा देश के विभिन्न जगह पर बनाए गए पुल और छह सड़कों का लोकार्पण किया।

रक्षा मंत्री दोपहर को हेलीकॉप्टर से जोशीमठ पहुंचें और वहां से सड़क मार्ग से ढाक पहुंचकर पुल सहित अन्य योजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।

सीमा सड़क संगठन के कमांडर कर्नल अंकुर महाजन ने इस बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को जोशीमठ के पास ढाक में भारत-चीन सीमा को जोड़ने वाले जोशीमठ-मलारी हाईवे पर बनाए पुल का लोकार्पण करने वाले हैं। यहीं से वर्चुअली बीआरओ की ओर से देश के विभिन्न जगह पर बनाए गए 28 पुल और छह सड़कों का भी लोकार्पण करेंगे।

रक्षा मंत्री के दौरे को लेकर किए गए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरे को लेकर पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने वीरवार को कार्यक्रम के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल को ब्लाक सभागार जोशीमठ में ब्रीफ किया था। रक्षा मंत्री के दौरे को लेकर किए गए सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक के द्वारा सभी अधिकारी-कर्मचारियों को सजग एवं सतर्क रहने, ड्यूटी के दौरान निर्धारित समय से तीन घंटे पूर्व ड्यूटी स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही ड्यूटी स्थल व उसके आसपास के स्थानों की अच्छी तरह से चेकिंग करने, समस्त ड्यूटी प्रभारियों को अपने अधीनस्थ नियुक्त कर्मचारियों के ड्यूटी कार्ड चेक करने व ड्यूटी के संबंध में भली-भांति ब्रीफ करने के निर्देश दिए गए हैं। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को दिए गए हैं।